
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तराखंड कई हिस्सो में शुक्रवार को भारी बारिश,आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में 3,800 मीटर और इससे ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, आंधी-तूफान और बर्फबारी की संभावना है।
मौसम विभाग ने राज्य के 7 जिलों के लिए अलर्ट भी जारी किया है। उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने, तेज बारिश, तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने कहा है कि इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी जो कि 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती हैं।
मौसम विभाग ने इसके अलावा उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों के मौसम पर नजर रखी जा रही है जहां पर कुछ हिस्सों में गरज चमक के साथ आंधी-तूफान और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। इसके बाद अगले दो दिनों यानि 30 और 31 मई के लिए मौसम विभाग ने ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है।
राजधानी देहरादून में शुक्रवार को बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या आंधी-तूफान (40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा वाली हवाएं) देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, देहरादून में इस दौरान अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।
गुरुवार को देहरादून में लोगों ने गर्मी का सामना किया। इश दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा।
आपदा प्रबंधन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर नींव वाली इमारतों से दूर रहें। खराब मौसम के दौरान कई ऐसे मामले सामने आते हैं जिसमें लोग अपनी जान गंवा बैठते हैं। 27 मई को ही पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र में एक व्यक्ति की तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई थी।










