
पूर्व क्रिकेटर व कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने रविवार को मां सुरकंडा देवी के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
रोपवे सेवा बंद होने के कारण उन्होंने करीब डेढ़ किलोमीटर की पैदल यात्रा कर मंदिर तक पहुंचकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। मंदिर समिति के सदस्यों ने ढोल-दमाऊ की पारंपरिक धुनों के साथ मंदिर के प्रवेश द्वार पर उनका स्वागत किया।
रविवार दोपहर बाद नवजोत सिंह सिद्धू सादगीपूर्ण अंदाज में श्री सुरकंडा मंदिर पहुंचे। उनके साथ कोई विशेष सुरक्षा या बड़ा काफिला नहीं होने के कारण अधिकांश लोग उन्हें पहचान नहीं पाए।
हालांकि, मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें पहचान लिया और ढोल-दमाऊ की पारंपरिक धुनों के साथ मंदिर प्रवेश द्वार पर उनका स्वागत किया। मंदिर समिति के सदस्य आशीष जड़धारी ने बताया कि सिद्धू निजी दौरे पर बड़ी सादगी के साथ मंदिर पहुंचे थे।
उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर मां सुरकंडा देवी का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह मंदिर परिसर में एक घंटे से अधिक समय तक रहे और ध्यान-साधना भी की।
जानकारी के अनुसार नवजोत सिंह सिद्धू इन दिनों कौड़िया क्षेत्र स्थित एक निजी होटल में ठहरे हुए हैं। उनके मंदिर आगमन की सूचना मिलने पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भी उत्सुकता देखने को मिली।










