
विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इस वर्ष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। यात्रा शुरू होने के महज 26 दिनों के भीतर ही 6 लाख 35 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।
लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या से न केवल तीर्थाटन और पर्यटन गतिविधियों को गति मिली है, बल्कि स्थानीय कारोबारियों और बदरी-केदार मंदिर समिति की आय में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
भगवान केदारनाथ मंदिर के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। कपाट खुलने के पहले दिन ही करीब 38 हजार श्रद्धालु धाम पहुंचे थे। इसके बाद से लगातार बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 25 हजार श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं।
धूप, बारिश और ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हो रही है। भक्त घंटों कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। यात्री पैदल मार्ग के अलावा घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी, पालकी और हेली सेवा के माध्यम से भी केदारनाथ पहुंच रहे हैं।
स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या में और तेजी आई है। प्रशासन और शासन स्तर पर यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
यदि वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा से पहले के आंकड़ों पर नजर डालें तो पूरे यात्रा सीजन में भी यात्रियों की संख्या छह लाख के पार नहीं पहुंचती थी। हालांकि, वर्ष 2019 के बाद से हर साल यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इस बार यात्रा के शुरुआती दिनों में ही रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंच चुके हैं।
यात्रियों की बढ़ती संख्या से होटल व्यवसायियों, हेली सेवा संचालकों, घोड़ा-खच्चर संचालकों, डंडी-कंडी और पालकी व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी बेहतर कारोबार की उम्मीद है।
एक सप्ताह में केदारनाथ पहुंचे श्रद्धालु
17 मई : 29,370
16 मई : 28,719
15 मई : 26,846
14 मई : 26,505
13 मई : 32,427
12 मई : 25,404
11 मई : 22,805
केदरनाथ में दर्शन करने वाले यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। प्रतिदन औसतन 25 हजार यात्री भोले बाबा के दर्शन कर रहे है। 22 दिन में केदारनाथ धाम में 6.35 लाख से अधिक यात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके है। यात्रियों की संख्या बढ़ने से पर्यटन व्यवसायियों के कारोबार में अच्छा मुनाफ होने की उम्मीद है।राजन नैथानी, प्रभारी अधिकारी, केदारनाथ धाम










