बिग ब्रेकिंग:- उत्तराखंड में फ्री राशन के लिए ई – केवाईसी जरूरी, घर बैठे ऐसे करें यह काम

उत्तराखंड में सभी राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी गई है। उपभोक्ता अब मेरा केवाईसी ऐप के जरिए घर बैठे यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए हर सदस्य का आधार नंबर और उससे जुड़ा मोबाइल नंबर जरूरी है जिस पर ओटीपी आएगा। ऐप में आधार नंबर दर्ज करने के बाद फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए सत्यापन होगा। राशन कार्ड धारक नजदीकी राशन की दुकान पर जाकर भी केवाईसी करा सकते हैं। राशन में कोई रुकावट ना आए इसके लिए समय पर ई-केवाईसी कराना जरूरी है।

 

अधिकारी मनोज डोभाल ने बताया कि केन्द्र सरकार के निर्देश के तहत उत्तराखंड के सभी जिलों में राशन कार्ड धारकों और यूनिटों की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराई जाएगी। ई-केवाईसी प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाने के लिए सरकार द्वारा ‘मेरा केवाईसी’ एप जारी किया है। इसके जरिए उपभोक्ता घर बैठे भी अपनी ई-केवाईसी कर सकते हैं।

 

पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल ने बताया कि राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य की ई-केवाईसी अनिवार्य होगी। इसके लिए संबंधित सदस्य का आधार नंबर होना जरूरी है। इसके लिए आधार से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर भी जरूरी होगा, क्योंकि सत्यापन के दौरान मोबाइल पर ओटीपी जाएगा।

 

फेस ऑथेंटिकेशन के लिए स्मार्टफोन का कैमरा अच्छी गुणवत्ता का होना चाहिए और इंटरनेट कनेक्टिविटी भी बेहतर होनी चाहिए। उपभोक्ता गूगल प्ले स्टोर, एप स्टोर अथवा आधिकारिक वेबसाइट से ‘मेरा केवाईसी’ एप डाउनलोड कर सकते हैं। इसके साथ ‘आधारफेसआरडी’ एप इंस्टॉल करने के बाद लॉगिन कर ‘सलेक्ट स्टेट’ में उत्तराखंड का चयन करना होगा।

 

इसके बाद ‘स्थान सत्यापन’ पर क्लिक कर 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज करना होगा। मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करने के बाद फेस केवाईसी प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।

 

फेस केवाईसी प्रक्रिया के लिए कैमरा ऑन होने पर उपभोक्ता को चेहरे को फोन से समान दूरी पर रखते हुए आंखों की पलकें झपकानी होंगी। इसके बाद ई-केवाईसी सफलतापूर्वक पूरी हो जाएगी।

 

अधिकारी ने बताया कि जिन लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया में दिक्कत हो रही है, वे राशन कार्ड, आधार कार्ड और मोबाइल नंबर के साथ अपनी नजदीकी जनसेवा केंद्र या दुकान पर जाकर भी ई-केवाईसी करा सकते हैं। जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी राशन कार्ड धारकों से समय पर ई-केवाईसी पूर्ण कराने की अपील की है, ताकि फ्री राशन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें