हरिद्वार: सलाखों के पीछे बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधा प्यार का बंधन, भावुक हुआ माहौल

रक्षाबंधन पर्व पर जेल की सलाखों के पीछे भी भाई-बहन के प्रेम का रंग देखने को मिला। शुक्रवार को जिला कारागार में बंद भाइयों से मिलने पहुंचीं बहनों ने उनकी कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं।

 

लंबे समय बाद आमने-सामने हुए भाई-बहनों की आंखें कई बार नम हो गईं। मुलाकात के दौरान जेल परिसर का माहौल भावुक नजर आया। रक्षाबंधन को देखते हुए जेल प्रशासन की ओर से बंदियों की बहनों के लिए विशेष मुलाकात की व्यवस्था की गई थी।

 

आम दिनों की अपेक्षा बहनों को मुलाकात के लिए अतिरिक्त समय दिया गया, जिससे वे अपने भाइयों के साथ कुछ पल सुकून से बिता सकें। सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए जेल पहुंचीं। मुलाकात के दौरान बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनके सुखद भविष्य की कामना की। वहीं, भाइयों ने भी बहनों को हर परिस्थिति में साथ देने का भरोसा दिलाया।

 

 

वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों को विशेष रूप से मुलाकात का समय दिया गया। जेल प्रशासन की ओर से मुलाकात के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं, ताकि किसी को परेशानी न हो। पर्व को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ मुलाकात की प्रक्रिया को भी व्यवस्थित रखा गया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें